नाली के विवाद में पड़ोसी से चल रहे विवाद में कार्रवाई नहीं होने से भड़की गिरिया खालसा गांव की एक महिला ने फोन पर तहसीलदार चायल को धमकाया। उसने फोन करके नाली विवाद का निस्तारण नहीं किए जाने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इससे परेशान तहसीलदार ने घटना की जानकारी एसडीएम और एसओ को दी। उप जिलाधिकारी ने एसओ पिपरी को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।
बताया जाता है कि पिपरी थाने के गिरिया खालसा गांव की एक महिला से एक व्यक्ति ने मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदी थी। खरीदी गई जमीन में उक्त व्यक्ति ने मकान निर्माण करा लिया तो इन दोनों के बीच घर के पानी की निकासी के लिए नाली का विवाद होने लगा। मामले की शिकायत उक्त व्यक्ति ने चायल तहसील में करके घर के सामने से बहने वाली गंदे पानी की नाली को बंद करा दिया। इसकी महिला ने कई बार पिपरी थाने और तहसीलदार से शिकायत की। आरोप है कि कई प्रार्थनापत्र देने के बाद भी नाली का विवाद नहीं निपटाया गया। महिला पर आरोप है कि उसने बृहस्पतिवार की रात तहसीलदार के मोबाइल पर फोन करके उन्हें उल्टी-सीधी बातें कहीं। तहसीलदार बीडी गुप्ता के मुताबिक महिला ने उन्हें झूठे में फंसाने, बर्बाद करा देने की धमकियां दी है। महिला की धमकियों से परेशान तहसीलदार ने रात में ही इस घटना से एसडीएम को अवगत कराया। वहीं शुक्रवार को उन्होंने पिपरी थाने में भी शिकायत की। एसडीएम ने एसओ पिपरी को प्रकरण की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस महिला के फोन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।