मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के कैमा गांव में रविवार दोपहर खेलते-खेलते एक साल का मासूम पानी भरी बाल्टी में डूब गया। घटना के वक्त मां किसी काम से बाहर गई थी। वापस आने पर घटना की जानकारी हुई तो वह बदहवास सी हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम है।
कैमा गांव निवासी दिनेश कुमार मुंबई में रहकर नौकरी करता है। यहां घर पर उसकी पत्नी रामरती व एक वर्षीय मासूम बेटा धनराज रहता था। रविवार दोपहर रामरती घर के जरूरी काम करने के बाद कपड़ा लेने के लिए बाहर चली गई। इस दौरान मासूम धनराज घर में अकेला था। खेलते-खेलते वह पानी भरी बाल्टी के पास पहुंचा और औंधे मुंह बाल्टी में जा गिरा। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। रामरती घर आई तो बेटे को न देख उसे खोजने लगी।
इसी दौरान उसने देखा कि धनराज बाल्टी में मृत पड़ा था। ये देख उसके मुंह से चीख निकल गई। चीख सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। उन्होंने बच्चे को पानी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।