सैनी थाना क्षेत्र के गुरुकुल नहर के पास हाइवे पर मंगलवार की दोपहर कार और बाइक की भिड़ंत में एक युुवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि बड़े भाई और बुआ की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कार चालक को भी चोट आई है। आसपास मौजूद लोगोें ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां पर घायलों की हालत गंभीर देख इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है।
धरियारीपुर के रहने वाले मुकेश कुमार (26) पुत्र संत लाल अपने छोटे भाई आशीष कुमार (22) बाइक से विजयीपुर अपने रिश्तेदार हरिश्चंद्र के यहां जाने को निकले। दोनों के साथ उनकी बुआ की बेटी मधु पुत्री राकेश कुमार निवासी अफजलपुर सिपाह भी थी। तीनों एक बाइक से जा रहे थे। हाइवे पर सैनी के गुरुकुल नहर के पास बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। बाइक आशीष चला रहा था। हादसे में तीनों घायल हो गए।
बाइक को बचाने में कार डिवाइडर से टकरा गई। जिससे चालक भी घायल हो गया। घटना होते ही लोग जमा हो गए। एंबुलेंस को सूचना दी गई। इस बीच गंभीर रूप से घायल आशीष की मौत हो गई। जबकि एंबुलेंस से तीनों का जिला अस्पताल भेजा गया। घायल चालक राजकुमार कानपुर का रहने वाला है। तीनों गंभीर होने की वजह से इलाहाबाद एसआरएन रेफर कर दिए गए। उधर आशीष की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार के आधे सदस्य मौके पर पहुंचे जबकि आधे लोग जिला अस्पताल। पुलिस ने आशीष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
बिखर गईं परिवार की खुशियां
एक हादसे ने संतलाल के परिवार को तोड़कर रख दिया। संतलाल का बेटा आशीष कुमार कुछ दिन पहले ही आरपीएफ में भर्ती हुआ था। वह ट्रेनिंग पर था। ट्रेनिंग के दौरान वह छुट्टी लेकर आया था। आशीष के आरपीएफ में भर्ती होने से परिजनों को लगा कि अब परिवार का भरण पोषण ढंग से हो जाएगा। हंसमुख स्वभाव का आशीष सभी का चहेता था। उससे परिजनों को उम्मीद थी कि अब उसके सहारे परिवार की कई जिम्मेदारियां पूरी हो जाएंगी। मगर सारी खुशियां बिखर गईं। एक झटके में सारे ख्वाब टूट गए। परिजन उसकी शादी की तैयारी भी कर रहे थे। मगर अब वहां मातम का माहौल है।
पूरे गांव में है मातम
आशीष पढ़ने में औसत था, मगर फुर्तीला था। जिस पर सभी लोग उसे फोर्स में जाने के लिए प्रेरित करते थे। उसने तैयारी की और उसकी भर्ती आरपीएफ में हो गई। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली सभी मातम में डूब गए। घटना स्थल पर तमाम गांव वाले पहुंच गए।