सिराथू-इलाहाबाद मार्ग पर अमीनपुर समरो गांव के समीप सोमवार की शाम कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लैब टेकिभनशीयन शिवकरन की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। किसी तरह पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया।
करारी थाना क्षेत्र के अमीनपुर समरो गांव निवासी शिवकरन (35) पुत्र भैयालाल लखनऊ के एक अस्पताल में लैब टेकिभनशीयन पद पर तैनात था। दीपावली पर वह घर आया था। सोमवार शाम वह खलिहान से धान की बोरी बाइक से घर लाया। इसके बाद वह भांजे अमन (10) को बाइक से लेकर दोबारा खलिहान के लिए रवाना हुआ। जैसे ही वह सिराथू-इलाहाबाद मार्ग पर पहुंचा। इसी दौरान सिराथू की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाइक समेत चिटक कर दूर जा गिरा। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला।
हादसा देख मौके पर पहुंचे आस-पास के लोग घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए घायलों को जिला अस्पताल ले गए। जहां शिवबरन की मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने गांव के सामने मुख्य मार्ग पर हंगामा करते हुए चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।