जिला अस्पताल परिसर में सोमवार की रात एक युवक की रक्तरंजित लाश मिली। शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची मंझनपुर पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फौरी तौर पर मार्ग दुर्घटना में मौत होना मान रही है। वहीं लोगों में हत्या करके शव फेंके जाने की चर्चा है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिनाख्त होने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।
जिला संयुक्त चिकित्सालय के गेट संख्या एक के समीप सोमवार की रात एक युवक की क्षत-विक्षत लाश पड़ी मिली। खून से लथपथ युवक के शव मिलने की सूचना पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। चिकित्सक और अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी जुट गए। चिकित्सकों ने इसकी जानकारी मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस के साथ ही फील्ड यूनिट टीम ने सदस्य भी आए। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। पर, मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति शव की शिनाख्त नहीं कर पाया।
फौरी तौर पर पुलिस का मानना है कि यह युवक कहीं सड़क दुर्घटना का शिकार होकर जख्मी पड़ा रहा होगा। राहगीर उसे लेकर अस्पताल आए होंगे। मौत होने पर अस्पताल परिसर में छोड़कर भाग निकले। वहीं स्थानीय लोगों में युवक की हत्या करके शव फेंके जाने की भी चर्चा है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंझनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शिनाख्त और तफ्तीश के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।