चायल (ब्यूरो)। मूरतगंज मेले से नौटंकी देखकर घर जा रहे लालबिहारा (इलाहाबाद) गांव के एक युवक की शुक्रवार की भोर सड़क हादसे में मौत हो गई। हाईवे पर सल्लाहपुर गांव के समीप सामने आई डीसीएम से उसकी बाइक टकरा गई थी। हादसे की भनक लगते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के लाल बिहारा (बमरौली) गांव निवासी सोनू वाल्मीकि (25) पुत्र मोहनलाल बृहस्पतिवार की रात मूरतगंज मेला देखने आया था। देर रात तक वह नौटंकी देखता रहा। बताया जाता है कि भोर में करीब 4 बजे वह मेले से घर जाने के लिए बाइक से निकला। जैसे ही उसकी बाइक पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर गांव के समीप पहुंची। इलाहाबाद की ओर से आ रही डीसीएम से टक्कर हो गई।
वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर में सोनू बाइक समेत गिरकर डीसीएम की चपेट में आ गया। डीसीएम उसे कुचलते हुए निकल गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, भोर में सड़क पर खून से लथपथ युवक की लाश देख राहगीर और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुरामुफ्ती पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के बाद घरवालों को हादसे की जानकारी दी। घरवालों के आने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुए अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।