मंझनपुर। बिस्किट का पैसा मांगने पर मूरतगंज बाजार में रविवार की शाम दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर दुकानदार की भी बेरहमी से पिटाई की। चीख-पुकार पर अन्य दुकानदारों के दौड़ने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी की सूचना पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी लवकुश कुमार की मूरतगंज बाजार में किराने की दुकान है। उसने बताया कि रविवार की शाम करीब 7.30 बजे उसकी दुकान पर सकाढ़ा गांव के पांच युवक आए। इन युवकों ने उसकी दुकान से एक पैकेट बिस्कुट लेकर खाया। आरोप है कि जब उसने बिस्कुट का पैसा मांगा, तो युवक पैसे देने से इंकार करने लगे। बार-बार पैसे मांगने पर युवकों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सामान उठाकर बाहर फेंकने लगे। तोड़फोड़ का विरोध करने पर युवकों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
चीख-पुकार पर आसपास के अन्य दुकानदार दौड़े। दुकानदारों के साथ कस्बाईयों की भीड़ जुटती देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। उधर, सरेशाम बाजार में मारपीट, तोड़फोड़ की घटना की भनक लगते ही मौके पर मूरतगंज चौकी पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर सकाढ़ा गांव के पांच लोगों के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में कोतवाली कोतवाली के एसओ जेपी यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके घटना की तफ्तीश और हमलावरों की तलाश कर रही है। उधर, सरेबाजार हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को लेकर दुकानदारों में गुस्सा भी है। लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार बंद करके प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।