मंझनपुर। फतेहपुर में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुरालियों ने घर से भगा दिया। इससे पहले उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
मंझनपुर कस्बा निवासी तनू केसरवानी ने बताया कि उसका विवाह करीब साल भर पहले फतेहपुर शहर में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता के मुताबिक चार रोज पहले ससुरालीजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद घर से निकाल दिया। मायके वालों ने एक दफा फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने शनिवार को इसकी शिकायत एसपी से कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।