करारी (ब्यूरो)। करारी क्षेत्र की एक किशोरी से छेड़खानी से गुस्साए लोगों ने आरोपी को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई की। पीटने के बाद उसे सिर भी मुड़वा दिया। घटना से सहमा युवक और उसका पूरा परिवार घर में ताला बंद करके गायब है। बुधवार की रात हुई इस घटना की बृहस्पतिवार को दिनभर इलाके में चर्चा रही। मामले में एसओ करारी ने किसी भी तरह की जानकारी से इंकार किया है। वहीं एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि एसओ ने गांव जाकर जांच की है। ऐसी कोई घटना की पुष्टि नहीं हुई है। यदि ऐसा कुछ है, तो जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
करारी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ 17 फरवरी की शाम पड़ोस के ही एक युवक ने छेड़खानी की थी। इस लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी और मारपीट भी हुई थी। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने आरोपी युवक के चाचा समेत परिवार के अन्य सदस्यों की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। मारपीट के बाद लड़की पक्ष के लोग घटना की शिकायत करने थाने भी आ रहे थे। पर, रास्ते में ही गांव के अन्य लोगों ने उन्हें रोककर दोनों में सुलह करा दी थी। बताया जाता है कि सुलह होने के बाद छेड़खानी को लेकर लड़की पक्ष के लोगों में गुस्सा भरा हुआ था।
इसी गुस्से में आकर बुधवार की रात करीब आठ बजे उन लोगों ने छेड़खानी करने वाले युवक को धरदबोचा। पीटकर उसका सिर भी मूड़ दिया गया। सिर मुड़ने के बाद धमकी देते हुए उसे छोड़ा गया। बताया जाता है कि घटना से सहमे युवक और उसके परिवार के लोग डरवश घर से फरार हैं। मामले में एसपी ने बताया कि घटना की सूचना पर एसओ को गांव भेजा गया था। दो दिन पहले औरतों के बीच सिर्फ मारपीट का मामला सामने आया है। सिर मूड़े जाने जैसी घटना सामने नहीं आई है। यदि ऐसा कुछ हुआ है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।