गंगा स्नान के लिए चित्रकूट से इलाहाबाद जा रहे श्रद्धालुओं से भरी दो आटो मंगलवार दोपहर आपस में टकराकर पलट गई। हादसे में एक मासूम समेत महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी सरायअकिल में भर्ती कराया गया। छह घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ये हादसा सरायअकिल थाना क्षेत्र के अतरसुइया गांव के सामने ओवरटेक के चक्कर में हुआ।
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के श्रद्धालु मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे यमुना पार करके सरायअकिल थाना क्षेत्र के नंदा का पुरवा आए। यहां से वह दो आटो में बैठकर इलाहाबाद के अमवा जा रहे थे। जैसे ही आटो अतरसुइया गांव के समीप पहुंचे। एक दूसरे को ओवरटेक करने के चक्कर में भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद दोनों आटो सड़क किनारे पलट गए। हादसे में मनकुंवर गांव निवासी राजेश कुमार की डेढ़ वर्षीय बेटी आस्था की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश कुमार, उसकी पत्नी कमला देवी, पिता सुखलाल, गुड़िया देवी, देवकन्या पत्नी सुरेश, बाबा का पुरवा निवासी बृजभान, नान बाबू, रानी, चंदई मऊ की संवरिया पत्नी रामदीन, मवई खुद निवासी नीरज पुत्र रामसनेही, शिवलाल पुत्र रामजियावन, मन्नू पत्नी रामसनेही घायल हो गए।
घायलों के शोर मचाने पर गांव के लोग भागकर पहुंचे। घायलों को सरायअकिल सीएचसी में भर्ती कराया। देवकन्या, कमला, गुड़िया, सुखलाल, शिवलाल और संवरिया की हालत गंभीर थी, इनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में देवकन्या (28) की मौत हो गई। इन दोनों की मौत से उसके पिता राजेश व मां कमला का बुरा हाल है। यह दोनों भी गंभीर हैं। जानकारी होने पर मऊ से नात-रिश्तेदार आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीपे का पुल बनने से कौशाम्बी से होकर जाते हैं श्रद्धालु
यमुना नदी में नंदा का पुरवा गांव के सामने पीपे का पुल बना है। पीपे का पुल बनने के बाद मऊ क्षेत्र के लोग इलाहाबाद जाने के लिए इसी रास्ते का प्रयोग करते हैं। पुल पार करने के बाद वह आटो पकड़कर इलाहाबाद पहुंच जाते हैं। नजदीक होने के कारण लोग इसी रास्ते को वरीयता देते हैं। मंगलवार श्रद्धालु समय से इलाहाबाद पहुंचने के लिए पीपे का पुल पार करके आए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके लिए घातक साबित होने वाला है।
आटो चालकों की लापरवाही से हुआ हादसा
अतरसुइया गांव के सामने आटो चालकों की लापरवाही से श्रद्धालु घायल हुए हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम मंझनपुर लालजी मिश्र व एसओ सरायअकिल अनिल सिंह की मौजूदगी में यह आरोप घायलों ने लगाया। घायल बृजभान ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह सभी लोग आटो में बैठे हैं, चालकों ने आटो की स्पीड बढ़ा दी थी। वह एक दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। बिना पास मिले ही आटो चालक ने ओवरटेक का प्रयास किया था, जिससे आटो आपस में टकराकर पलटे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त आटो को कब्जे में ले लिया है।