फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध शराब, गांजा व तेजाब कारोबारियों पर होगी कार्रवाई

Thu, 21 Jul 2016 12:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो कौशाम्बी
विज्ञापन
crime
विज्ञापन
दोआबा में अवैध शराब, गांजा और तेजाब के कारोबारी पुलिस अधीक्षक के निशाने पर आ गए हैं। एटा की घटना के बाद जागे महकमे के जिम्मेदारों ने हर हाल में नशे के जहरीले कारोबार पर प्रतिबंध लगाने का फरमान जारी किया है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर मामले में परिणाम दिखाने का अल्टीमेटम सभी थानाध्यक्षों को दिया है।
विज्ञापन


जहरीली शराब से प्रदेश के किसी न किसी जिले में आए दिन घटनाएं होती रहती हैं। पिछले दिनों लखनऊ में जहरीली शराब पीने से कई मजदूरों की जान चली गई थी तो हाल ही में एटा में दो दर्जन से अधिक लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। एटा में घटी घटना के बाद दोआबा के पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र चौकन्ने हो गए हैं। उन्हाेंने बुधवार को जिले के सभी 12 थानाध्यक्षों को पत्र भेजकर ताबड़तोड़ कार्रवाई का निर्देश दिया है।

एसपी ने गांव-गांव बन रही कच्ची शराब, भांग की दुकानों में बिक रहे गांजे को पूर्ण प्रतिबंधित करने का फरमान जारी किया है। इसके अलावा उन्होंने ज्वलनशील तेजाब बिक्री को भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने का अल्टीमेटम दिया है। एसपी ने मातहतों को निर्देशित किया है कि 24 घंटे में अवैध शराब, गांजा और तेजाब कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी कर कार्रवाई करें। एसपी ने दिन भर की जाने वाले कार्रवाई की शाम को रिपोर्ट भी तलब की है।
विज्ञापन


अवैध शराब का केंद्र बन चुके हैं कई गांव
दोआबा में कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा अर्से पुराना है। कुछ जगहों पर इस कारोबार ने कुटीर उद्योग का रूप ले लिया है। बानगी के तौर पर सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे के वार्ड चार को लिया जा सकता है। यहां पर जीटी रोड किनारे चाय-पान की गुमटियों के बगल से महुअे की शराब बेची जाती है। कारोबारी गैलन में शराब और पीने के लिए गिलास लेकर 24 घंटे मुस्तैद रहते हैं। शराब बिक्री का दूसरा प्रमुख स्थान सराय अकिल कस्बे का खरका मोहल्ला है। यहां तो घर-घर शराब बनाने का कारोबार होता है।

यूं कहें कि इस मोहल्ले का कोई भी युवा काम पर नहीं जाता। महिला और पुरुष दोनाें शराब के कारोबार में लिप्त रहते हैं। तीसरा प्रमुख स्थान कौशाम्बी थाने का गढ़वा गांव है। यहां शाम होते ही इलाकाई पियक्कड़ों का भीड़ लगना शुरू हो जाता है। कारोबारी पियक्कड़ों के लिए गिलास, पानी, नमकीन आदि का सारा बंदोबस्त रखते हैं। इनके अलावा गंगा और यमुना के कछार में बसे गांवों में भी शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है।

फैला है गांजे का कारोबार
 दोआबा में गांजे का कारोबार चरम पर है। भांग की दुकानों में तो इसकी बिक्री थोक में की ही जा रही है पर गांव-गांव में भी इसकी बिक्री जारी है। यूं कहें कि गांजे का कारोबार अब भांग की दुकानों के अलावा गांवों में चाय, पान और परचून की दुकानों तक फैल चुका है। एसपी के निर्देश के बाद दोआबा की पुलिस इस कारोबार को रोक पाने में कितना सफल होती है यह तो नहीं कहा जा सकता पर इतना जरूर है कि कारोबार को रोकने के लिए इलाकाई पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी होगी।

पांच माह पहले गृह सचिव ने दिया था निर्देश
 प्रदेश सरकार के गृह सचिव ने पांच माह पहले ज्वलनशील तेजाब की बगैर लाइसेंस के बिक्री करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। सूत्रों की माने तो दोआबा में तेजाब बिक्री करने के लिए एक भी कारोबारी के पास लाइसेंस नहीं है। जिले की पुलिस ने अब तक किसी कारोबारी के यहां छापेमारी भी नहीं की थी लेकिन एटा कांड के बाद अब एसपी संजीदा हो गए हैं। उन्होंने प्रमुख सचिव गृह के आदेश का हवाला देते हुए सख्त निर्देश दिया है कि जिले में बेचे जा रहे ज्वलनशील तेजाब कारोबारियों के खिलाफ दबिश देकर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। कुछ भी हो एसपी के आदेश पर थानेदार संजीदा हुए तो बगैर लाइसेंस से तेजाब बिक्री करने वालों की शामत आना तय है।

दोआबा में अवैध शराब, गांजा और तेजाब की बिक्री प्रतिबंधित करने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिया गया है। 24 घंटे के भीतर इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगवा दिया जाएगा। कहीं भी गांजा, अवैध शराब और ज्वलनशील तेजाब की बिक्री किसी कीमत पर नहीं होने पाएगी।
विज्ञापन

वीके मिश्र, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें