सैनी के लोंहदा मोड़ में एयरटेल कर्मी से हुई लूट के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
हाईवे पर सैनी कोतवाली के लोहदा मोड़ के समीप सोमवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एयरटेल कर्मी को लूट लिया। कर्मी से सत्तर हजार रुपया व उसकी बाइक लूटकर बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी की पर कहीं सुराग नहीं लगा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
कोखराज के भरवारी कस्बा निवासी राहुल कुमार केशरवानी पुत्र सुरेश कुमार एयरटेल कंपनी में एफ ओएस के पद पर तैनात है। सोमवार को वह वसूली करने के लिए दारानगर और अजुहा गया था। वहां से वह करीब सवा तीन बजे बाइक से सैनी आ रहा था। जैसे ही लोहदा मोड़ के समीप पहुंचा इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने तमंचा सटा दिया। इससे राहुल के होश उड़ गए।
तमंचे के बल पर बदमाश रुपये से भरा बैग व उसकी बाइक लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद राहुल ने फोन पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सरेराह लूट की खबर मिलते ही सैनी पुलिस घटनास्थल पर पहुुंची। पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि बदमाश सत्तर हजार रुपये नगद व उसकी बाइक लूटकर भागे हैं।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी भी की पर कहीं सुराग नहीं लगा। पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के लिए मुकदमा दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। एसओ योगेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है। जल्द की घटना का खुलासा किया जाएगा।