कोतवाली क्षेत्र के ओसा चौराहे पर शनिवार की रात तेज रफ्तार बोलेरो सड़क के बीच बने पुलिस बूथ से टकरा गई। आधी रात को चालक मंझनपुर से घर फतेहपुर के अजरौली पल्लावां जा रहा था। हादसे में पुलिस बूथ के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के अजरौली पल्लावां गांव का रहने वाला अश्वनी सिंह (30) पुत्र रमेश सिंह रविवार की शाम बोलेरो लेकर मंझनपुर आया था। उसकी बोलेरो आधी रात को करीब 12 बजे ओसा चौराहे पर बने पुलिस बूथ से भिड़ गई। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बूथ के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी पुलिस कर्मियों की मानें तो बोलेरो की गति निर्धारित सीमा से अधिक थी। ऐसे में चालक चौराहा पहुंचने से पहले नियंत्रण खो चुका था। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। जहां चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।