पूरामुफ्ती थाने के मंदर मोड़ के पास ट्रैक्टर की टक्कर से एक अप्पे अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनाें वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए दोनाें वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
कोखराज थाने के रोही गांव निवासी अकील अहमद अपनी पत्नी शाहजहां व तीन बेटियों परवीन, अफशाना और सुमैरा के साथ इलाहाबाद गए थे। शनिवार की रात लगभग नौ बजे वह एक अप्पे में सवार होकर इलाहाबाद से लौट रहे थे। बताते हैं कि अप्पे जैसे ही पूरामुफ्ती थाने के मंदर मोड़ के पास पहुंची अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से अप्पे पलट गई और उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को देख अप्पे और ट्रैक्टर चालक वाहनों को छोड़ मौके से भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों घायलों को इलाज के लिए बमरौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों वाहनों को सल्लाहपुर चौकी में खड़ा करा दिया गया है। उधर सूचना मिलने पर घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।