पड़ोसी दबंगों ने महिला को पीटा, झोंका फायर
चरवा कोतवाली क्षेत्र के रैया देह माफी गांव की घटना, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा कोतवाली क्षेत्र के रैया देह माफी गांव में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी दबंगों ने एक महिला को बेरहमी से पीटा। जान बचाकर भागते वक्त उसपर कट्टे से फायर झोंक दिया। हालांकि महिला बाल-बाल बच गई। गुरुवार को उसने इसकी शिकायत एसपी से की है।
रैया देह माफी गांव की ऊषा देवी पत्नी रामदास ने बताया कि पड़ोसी दबंगों से उसके परिवार की पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़िता की मानें तो 21 मार्च की शाम भी दबंग अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए महिला किसी तरह छूटकर घर की ओर दौड़ी तो एक दबंग ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत ये रही कि गोली महिला को लगी नहीं। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दिया। आरोप है कि पुलिस ने डेढ़ महीने बाद भी कार्रवाई नहीं की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने चरवा कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-----
जमीन के विवाद में कुनबे को पीटा
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर गांव निवासी सोहन पुत्र रामखेलावन ने बताया कि पड़ोसी दबंगों से एक जमीन को लेकर उसका झगड़ा चल रहा है। पीड़ित की मानें तो इसी रंजिश के चलते 29 अप्रैल को दबंगों ने उसकी पिटाई की थी। बुधवार शाम फिर घर में घुसकर पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के चार अन्य सदस्यों की भी पिटाई की। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित ने गुरुवार को घटना की शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
-----
पड़ोसी पर लगाया छेड़खानी व गला दबाने का आरोप
मंझनपुर (ब्यूरो)। करारी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि दो अप्रैल को वह हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। तभी पड़ोसी युवक भी वहां पहुंच गया और छेड़खानी करने लगा। शोर-मचाने पर परिजनों संग मिलकर गला घोटने का प्रयास किया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह महिला की जान बचाई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़िता ने गुरुवार को घटना की शिकायत एसपी से की है।
-----
पड़ोसी ने झांसा देकर किशोरी को बनाया बंधक
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि सात अप्रैल को वह पत्नी के साथ खेत गया था। इस दौरान पड़ोसी ने पत्नी संग मिलकर झांसा देते हुए उसकी बेटी को अपने रिश्तेदार के यहां भेज दिया। पीड़ित की मानें तो पांच दिन बाद बेटी ने फोन करके बंधक बनाए जाने की जानकारी दी। इसके बाद फोन कट गया। तब से आज तक लड़की को कोई सुराग नहीं लग रहा है। उसके बारे में पूछने पर पड़ोसी गाली-गलौज करने के साथ ही झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। आरोप है कि इसकी शिकायत के बाद भी स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं। गुरुवार को पीड़ित पिता ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। एसपी ने कोखराज इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।