कारोबारी सावधान हो जाएं। बाजार में स्कैन की हुई 50 रुपये की नकली नोट भी आ गई है। इसका पहला शिकार चरवा इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी कर्मी हुआ है। एक व्यक्ति ने रसोई गैस सिलेंडर खरीदने के बाद 50 रुपये के 11 नकली नोट थमाकर चला गया। शाम को कैश जमा करने एजेंसी कर्मी गया तो कैशियर ने नकली नोट पकड़ ली। इस पर एजेंसी कर्मी के होश उड़ गए। एजेंसी कर्मी ने नकली नोट वापस लेते हुए मामले की पुलिस से शिकायत की है।
चरवा में चरवा इंडेन ग्रामीण वितरक के नाम रसोई गैस की एजेंसी है। शनिवार को एजेंसी से उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा था। गोदाम कीपर रामजी पांडेय वितरण करने के साथ ही रुपया जमा कर रहे थे। शाम करीब चार बजे वितरण करने के बाद रामजी पांडेय बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा काजू में एक लाख 70 हजार रुपया जमा करने गए। कैशियर अरविंद कुमार ने राम जी पांडेय द्वारा दिए गए रुपये को गिनना शुरू किया तो उन्होंने 50 रुपये के 11 नोट अलग कर दिया। कई बार उन्होंने जांच के बाद कैशियर ने नोटों को नकली बताया। साथ ही कहा कि यह नोट स्कैन कर तैयार की गई है। इतना सुनते ही रामजी पांडेय के होश उड़ गए। कैशियर ने उनको नोट वापस कर दिया। रामजी पांडेय ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है कि आखिर लाइन में खड़े किस व्यक्ति ने उनको 50-50 के जाली नोट दिए थे।
कौशाम्बी में मिल चुकी है नई पांच सौ की नकली नोट
पांच सौ की नई नोट आने से पहले ही कौशाम्बी में नकली नोट आ चुकी थी। दानपुर के पेट्रोल पंप के एक कर्मी को युवक ने पेट्रोल भराने के बाद हाल ही में जारी हुई पांच सौ की नकली नोट थमा कर चला गया था। पेट्रोल पंप कर्मियों ने जांच के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पेट्रोल पंप में सीसीटीवी कैमरा न काम करने के बाद नकली नोट देने वाला युवक पकड़ में नहीं आया था। यह नोट भी स्कैन कर तैयार की गई थी।