चायल। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के कोटिया गांव के समीप सोमवार को सड़क हादसे में घायल हुए किशोर की गुरुवार सुबह मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के भाई की पहले ही जान जा चुकी है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ चौराहे का ओमप्रकाश सोनी आभूषण व्यापारी है। सोमवार सुबह उसके बेटे रौनक (16) और आदित्य (12) पड़ोसी लकी (14) तथा गोलू (17) पुत्रगण छोटू के साथ अलग-अलग बाइक से घूमने निकले थे। इस दौरान किशोर रेसिंग करने लगे। कोटिया गांव के समीप इनकी बाइक की हैंडिल आपस में टकरा गई। हादसे में सिर पर चोट लगने के कारण रौनक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि आदित्य को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां गुरुवार सुबह उसकी भी सांसें थम गईं।
मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़िताें को ढाढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। पोस्टमार्टम के लिए परिवार वालों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।