यमुना नदी के औधन व दुर्गापुर घाट पर रखी करीब दो लाख रुपया कीमत की सीज बालू माफियाओं ने बेच दी। इसकी जानकारी होने पर खनन निरीक्षक बिफर पड़े । उन्होंने तीन आरोपियों के खिलाफ पिपरी कोतवाली में केस दर्ज करा दिया है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर व औधन घाट पर पिछले दिनों बालू का अवैध खनन कराया जा रहा था। जुलाई में अधिकारियों ने दोनों घाटों पर छापेमारी करके नाजायज तरीके से निकालकर रखी गई करीब 800 घनमीटर बालू सीज कर दी थी।
खनन निरीक्षक राज रंजन ने बताया कि 15 दिन पहले पिपरी इलाके के ही कादिलपुर निवासी आलोक सिंह पुत्र रत्नाकर, राजकुमार व दशरथ ने सीज बालू चोरी से बेच दी। चुराकर बेची गई बालू की कीमत लगभग दो लाख रुपया है। इसकी जानकारी होते ही बुधवार को खनन निरीक्षक बिफर पड़े। उन्होंने पिपरी कोतवाली में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। विभागीय कार्रवाई कर दी गई है। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि एफआईआर लिख ली गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।