युवक की हत्या के लिए दी 70 हजार की सुपारी
पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
नगर कोतवाली के भरसवां गांव में रहने वाले एक युवक ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी उसकी हत्या कराना चाहता है। इसके लिए उसने शूटरों को 70 हजार रुपये की सुपारी भी दी है। मामले की जानकारी होने के बाद घबराए पीड़ित ने सोमवार को एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
भरसवां निवासी जितेन्द्र पुत्र रामरूप दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। अभी हाल ही में वह घर आया है। जितेन्द्र ने बताया कि पड़ोसी दबंग से एक जमीन को लेकर उसका झगड़ा चल रहा है। इसी के चलते दबंग उसकी हत्या कराना चाहता है। शूटरों को 70 हजार रुपये में मर्डर का ठेका भी दे दिया गया है। पीड़ित की मानें तो यह बात उसको पड़ोसी के एक करीबी ने बताई है। करीबी ने शूटरों से हुई बातचीत का ऑडियो भी सुनाया है। इसके बाद से पीड़ित काफी डरा हुआ है। मामले की शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से भी की थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने नगर कोतवाल को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-----------------
सेंध काटकर नगदी, गहने उठा ले गए चोर
सरायअकिल इलाके के जुगराजपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कनैली।
इलाके के जुगराजपुर गांव में रविवार रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाया। सेंध काटकर भीतर घुसे चोर नकदी, गहने समेत करीब एक लाख का माल समेट ले गए। गृहस्वामी ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।
सरायअकिल इलाके के जुगराजपुर गांव का कृष्ण कुमार मिश्रा पुत्र रामराज किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। रविवार रात वह और उसके परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो गए। इस दौरान पीछे की दीवार से सेंध काटकर भीतर घुसे चोर 30 हजार रुपया नकद, करीब 50 हजार के गहने व कपड़ा, बर्तन समेत लगभग एक लाख का माल समेट ले गए। सुबह सोकर उठे घर के सदस्यों ने कमरों का नजारा देखा को बिखरा पड़ा सामान देख उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। खबर पाकर पुलिस वाले भी पहुुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल की। मामले में सरायअकिल एसओ उमाशंकर यादव का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।