दहेज के लिए ले ली विवाहिता की जान
बाइक-नगदी नहीं मिलने पर जिंदा जलाने का आरोप
पिता की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी के पंडरी गांव में ब्याही युवती की दहेज के दानवों ने जान ले ली। बाइक नगदी नहीं मिलने पर पखवारे भर पहले मारकर उसे फंदे से टांग दिया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर बुधवार को पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया गांव की रहने वाली मिथलेश कुमारी की शादी दो साल पहले करारी के पंडरी गांव में श्रवण कुमार से हुई थी। पखवारे भर पहले विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग बेटी से नगदी और बाइक मायके से लाने की जिद कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बेटी को पीटकर जिंदा फूंक दिया। मौत के घाट उतारने के बाद अपराध छुपाने के लिए शव का अंतिम संस्कार दिया गया। गांव में तहकीकात करने के बाद बुधवार को थाने पहुंचे पीड़ित पिता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर पुलिस दगाबाज पति समेत सास, ससुर जेठ, जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ राकेश तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है।
मंगनी के बाद टूटा सात जन्मों का रिश्ता
युवक के परिजनों ने बारात लाने से किया इंकार
पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जांच के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। दोआबा में दहेज अभिशाप बनता जा रहा है। महेवाघाट इलाके के एक गांव में तय हुई युवती की शादी मंगनी के बाद टूट गई। बिरादरी की पंचायत के बाद भी युवक के घर वाले शादी करने के लिए तैयार नहीं हुए। बुधवार को युवती के परिजन मंझनपुर पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
करारी इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी सालभर पहले महेवाघाट इलाके के गांव में तय हुई थी। दोनों परिवार के बीच मंगनी की रस्म अदायगी भी हो चुकी थी। युवती के घर वाले शादी की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच युवक के परिजनों ने संदेश भेजा की एक लाख रुपया और अपाचे गाड़ी मिलने के बाद ही तिलक और बारात की रस्म पूरी की जाएगी। युवक के घर वालों का संदेश मिलते ही युवती के परिजन सन्न रह गए । दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर, कोई बात नहीं बन सकी। बुधवार को भुक्तभोगी पिता मंझनपुर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए देते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने महेवाघाट कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।