पड़ोसी के घर दबंगों का तांडव
-गृहस्वामी को कुल्हाड़ी मार किया लहूलुहान, पांच पर मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा थाना क्षेत्र के रतगहा गांव में शनिवार शाम दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी और कुल्हाड़ी से प्रहार कर युवक को लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों के बीच बचाव पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
चरवा थाना क्षेत्र के रतगहा गांव निवासी संजय कुमार का पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा है। शनिवार की शाम कहासुनी के बाद पड़ोसी ने साथियों के साथ घर पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर तोड़फोड का विरोध करने पर हमलावरों ने संजय को बेरहमी से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। खून खराबा देख गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तराई के गांवों में धुंआ उगल रहीं शराब की भट्ठियां
मंझनपुर (ब्यूरो)। महेवाघाट और पश्चिमशरा के तराई इलाके के दर्जनों गांवों में दिन-रात कच्ची शराब के कारखाने संचालित हो रहे हैं। गोरखधंधे में संलिप्त लोग रोजाना हजारों लीटर शराब बनाकर बेच रहे हैं। कारोबारी बेखौफ होकर महुआ की शराब बनाकर इलाके में बेंच रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो सुबह से गांव में पियक्कड़ मंडराते रहते हैं। इतना ही नहीं यही पियक्कड़ रात इलाके में छोटी-मोटी वारदातों को भी अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई के नाम पर वसूली करके लौट जाती है। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है।