फिक्स डिपाजिट की रकम डकार गया बीमा एजेंट
-पांच साल पहले 50 हजार रुपया किया था फिक्स, मांगने पर दी धमकी, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पिपरी के बिलासपुर गांव के एक युवक की फिक्स डिपाजिट रकम बीमा एजेंट डकार गया। पांच साल पहले युवक ने 50 हजार रुपए फिक्स किया था। आरोप है कि पालसी बांड लेने के बाद आरोपी रकम देने से मुकर रहा है। बुधवार को भुक्तभोगी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
पिपरी थाना क्षेत्र के गिरधारी लाल किसान हैं। बताया कि पांच साल पहले उसने गांव के ही एक बीजा एजेंट से 50 हजार रुपए का फिक्स डिपाजिट कराया था। समय पूरा होने पर बीमा एजेंट उसके घर पहुंचा और बांड मांग लिया। कहा कि प्रक्रिया लंबी है। कागजी कोरम पूरा होने के बाद ही रकम मिलेगी। एजेंट के झांसे में आने के बाद युवक ने बांड दे दिया। दो महीने बीतने के बाद रकम नहीं मिलने पर युवक एजेंट के घर पहुंचा और फिक्स डिपाजिट की रकम मांगी। पहले तो युवक अनाकानी करता रहा। इसके बाद सप्ताह भर का समय और मांग लिया। दो दिन पहले वह दोबारा रकम मांगने पहुंचा तो उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया। परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित युवक बुधवार को मंझनपुर पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने एसओ पिपरी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।