लाखों की भूमि क्रय करने के बाद नहीं दे रहे रकम
कोखराज इलाके का मामला, दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बिसारा निवासी एक युवक से करीब छह महीने पहले शातिरों ने लाखों की भूमि का बैनामा करा लिया। अब वह रकम नहीं दे रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिसारा निवासी रामलखन ने बताया कि गांव में ही सड़क किनारे उसकी बेशकीमती भूमि है। इसके कुछ भाग का करीब छह महीने पहले भरवारी निवासी दो युवकों के हाथ 15 लाख रुपये में सौदा किया था। पीड़ित के मुताबिक शातिरों ने भूमि का बैनामा करा लिया। अभी तक वह रकम देने के लिए आज-कल कर रहे थे। अब रुपया मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। बताया कि बैनामे के वक्त रुपया इसलिए नहीं लिया कि संबंध अच्छा था और विश्वास भी था। पीड़ित की मानें तो दो दिन पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने घर पर चढ़कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इससे परेशान पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर दी। सोमवार को पुलिस ने आरोपी वैभव रस्तोगी व अंकुर रस्तोगी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
----
तमंचा सटाकर युवक की पिटाई करने में पांच पर केस
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के महगांव पेट्रोल पंप के समीप 30 जुलाई को हुई थी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कनपटी पर तमंचा सटाकर युवक की पिटाई किए जाने के एक मामले में सोमवार को पूरामुफ्ती पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। अदालत के निर्देश पर पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर लिखी गई है। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पूरब निवासी सरताज अली ने बताया कि पड़ोसी दबंग से उसकी पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन अपशब्द कहता था। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। पीड़ित के मुताबिक 30 जुलाई 2018 को किसी काम से वह पूरामुफ्ती जा रहा था। रास्ते में महगांव पेट्रोल पंप के समीप साथियों संग पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसी ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर कनपटी पर तमंचा सटाते हुए बेरहमी से पिटाई की। बताया कि घटना की शिकायत तभी पूरामुफ्ती पुलिस से की गई थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। सोमवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी जफर, परवेज, जुम्मन, अनाकिल निवासी कशिया पूरब व धूमनगंज प्रयागराज निवासी नग्गन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
----
युवती से दुष्कर्म की कोशिश में केस
मंझनपुर (ब्यूरो)। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि 30 नवम्बर को उसकी बेटी खेतों की ओर गई थी। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसी युवक ने उसको दबोच लिया और कनपटी पर तमंचा सटाकर जोर-जबर्दस्ती करने लगा। इज्जत पर आफत देख पीड़िता ने चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी ने लात-घूसों से उसकी पिटाई की। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित के मुताबिक घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस से तभी की गई थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित ने सोमवार को एसपी से शिकायत कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।