कौशाम्बी में किसान के घर से हजारों की चोरी
बारा (ब्यूरो)। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के हजियापुर गांव में मंगलवार रात एक किसान के घर से चोरों ने नगदी,गहने सहित हजारों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। हजियापुर निवासी मोहर्रम अली पुत्र हातिमअली किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। मंगलवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य खाने के बाद सो गए। इस दौरान दीवार फांदकर भीतर घुसे चोर करीब 20 हजार रुपया नगद, लगभग 60 हजार रुपया कीमत के गहने, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर आदि उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में कौशाम्बी इंस्पेक्टर स्वामीनाथ का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
भाजपा का पंफलेट बांटने में दो पर एफआईआर
करारी (ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष खड़क सिंह पटेल ने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत करके बताया कि करारी इलाके के जमदुआ गांव में कुछ लोग भाजपा का पंफलेट बांट रहे हैं। इसपर निर्वाचन अधिकारी ने फ्लाइंग स्क्वायड प्रथम के प्रभारी एएन पांडेय व द्वितीय के प्रभारी डीके द्विवेदी को मौके पर भेजा। अफसरों को ग्रामीणों से की गई पूछताछ में पता चला कि नगर कोतवाली के यूसुफपुर रारा गांव का संजीव कुमार मौर्य अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पंफलेट बांट रहा था। फ्लाइंग स्क्वायड प्रभारी ने दोनों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का करारी कोतवाली में केस दर्ज करा दिया है। टीम ने भाजपा सांसद और प्रत्याशी विनोद सोनकर से भी फोन पर वार्ता की। पर, उन्होंने पंफलेट बंटवाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया।