‘बाबा’ पर फिर लगा दरिंदगी का आरोप, केस
गांव की ही युवती ने दर्ज कराई है एफआईआर
एडीजी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। इलाके के चर्चित ‘बाबा’ पर एक बार फिर दरिंदगी का आरोप लगा है। उसके गांव की ही एक युवती ने सोमवार को डरा-धमकाकर दो साल तक दुराचार करने का केस दर्ज कराया है। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है।
करारी इलाके के इस ‘बाबा’ पर अभी दो महीने पहले भी गांव की ही एक किशोरी ने रेप का केस दर्ज कराया था। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उसने अपना बयान पलट दिया। जिससे बाबा निर्दोष करार दे दिया गया। अब उसी किशोरी की बहन ने सोमवार को एफआईआर दर्ज कराई है। उसका कहना है कि बाबा ने दो साल तक डरा-धमकाकर उसके साथ दुराचार किया। बाबा उससे व्हाट्सएप पर चैटिंग करने के साथ ही मोबाइल पर रात-रात भर अश्लील बातें किया करता था। बाबा के खौफ से अभी तक वह शांत रही। दो दिन पहले आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। परिवार वालों के समझाने पर डरी-सहमी पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पर, कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर पीड़िता ने एडीजी से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई। एडीजी के निर्देश पर सोमवार रात करारी पुलिस ने बाबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। एसओ राजेश सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश की जा रही है।
-----------
जंगली जानवर के हमले में बालिका घायल
पइंसा (ब्यूरो)। क्षेत्र के मोंगरी कड़ा गांव की महिमा (8) पुत्री रामबाबू रविवार रात बरामदे में अपनी दादी के साथ सो रही थी। इस दौरान किसी जंगली जानवर ने उसके ऊपर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किस जानवर ने हमला किया, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता पा रहा है।
----