पिपरी कोतवाली क्षेत्र के फुलवा गांव में रविवार सुबह दीवार में ट्रैक्टर टकराने पर पड़ोसियों के बीच मारपीट हो गई। दस दौरान 13 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
फुलवा निवासी अवधेश कुमार अपने मकान का निर्माण करा रहा है। उसने बताया कि रविवार सुबह बालू उतारते वक्त ट्रैक्टर पड़ोसी राकेश की दीवार से टकरा गया। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों के परिजन लाठी-डंडे से लैश होकर मौके पर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में अवधेश, रामकली, महेश, बृजेश, पुष्पा, प्रतिमा व किशोर घायल हो गए। वहीं दूसरी तरफ से राकेश, अभिषेक, चिरौंजी, संजीत, सत्यदेव और दीनदयाल घायल हैं। झगड़ा होता देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दिया। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।