नगर कोतवाली क्षेत्र के हिसामपुर बहरेमऊ गांव के समीप शनिवार रात बाइक की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। वहीं अलग-अलग हुए अन्य हादसों में सात लोग घायल हो गए।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के हिसामपुर बहरेमऊ गांव का भखुंदी (50) पुत्र बद्दी किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। शनिवार रात वह दावत खाने सेलरहा पश्चिम जा रहा था। हिसामपुर बहरेमऊ गांव की मुख्य सड़क पर पैदल पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। वहीं, दूसरी ओर चरवा निवासी जितेन्द्र पुत्र सुरेश प्रसाद रात को निमंत्रण खाने कादिराबाद निवासी चंद्रभवन के साथ निखोदा गया था। लौटते वक्त टेवां गांव के समीप एक बाइक सवार से कट मारने पर उसकी बाइक पलट गई। हादसे में जितेन्द्र व चंद्रभवन घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह सरायअकिल के नेवादा गांव का रंजीत पुत्र छंगू पटेल रविवार सुबह किसी काम से इलाहाबाद गया था। लौटते समय कादिलपुर के समीप उसकी बोलरो एक बाइक सवार को बचाने में पेड़ से टकरा गई। जिससे वह घायल हो गया। सैनी क्षेत्र के काकराबाद गांव के समीप ट्रैक्टर पलटने से चालक राजू साहू निवासी मलाक भायल घायल हो गया।
अजुहा कस्बे के समीप रविवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव का सत्यकांत पुत्र भानु प्रताप रविवार सुबह फतेहपुर गया था। साथ में परिवार की ही सरला देवी और अंतिमा भी थी। सत्यकांत के मुताबिक लौटते वक्त अजुहा कस्बे के समीप उसे नींद आ गई। पलक झपकते ही बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।