पश्चिमशरीरा। चंपहा बाजार में मंगलवार को बिजली चेकिंग करने गई टीम के साथ अभद्रता करने पर चार नामजद समेत 44 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।मामले में अवर अभियंता ने तहरीर दी थी।
बैशकांटी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता आकाश सिंह के साथ संविदा कर्मी नथन लाल, मिथलेश कुमार, ओम प्रकाश, अनिल कुमार, बब्लू व पंकज तिवारी को चंपहा बाजार में विद्युत चेकिंग करने गए थे। इस दौरान ज्यादा बकाए पर गांव के नरेंद्र कुमार का कनेक्शन काटा गया। इसे लेकर ग्रामीण भड़क उठे। बिजली कर्मियों का घेराव कर बंधक बनाने का प्रयास किया गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ।
इसे लेकर लोग बुधवार को डीएम, एसपी व एसई से मिल अवर अभियंता पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। एक महिला ने छेड़खानी का भी आरोप लगाया। मामले में दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई थी।
बृहस्पतिवार की शाम अवर अभियंता की तहरीर पर नरेंद्र कुमार,भोला जायसवाल, दिनेश कुमार व नीरज साहू समेत चार नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थानाध्यक्ष पश्चिमशरीरा अभिलाष तिवारी का कहना है कि केस दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।