मंझनपुर। जिले में डेंगू अपने पैर फैलाते ही जा रहा है। बुधवार को इसका एक और रोगी मिला। इससे डेंगू के मरीजों की संख्या जिले में 29 पहुंच गई। दो दिन पहले मिले चिकनगुनिया के जिस रोगी को स्वास्थ्य विभाग ट्रेस कर रहा था, वह प्रयागराज का निवासी निकला। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है।
जनपद में जुलाई में सबसे पहला मरीज मिला था। इसके बाद अगस्त में आठ मरीज मिले। फिर सितंबर में डेंगू ने जो रफ्तार पकड़ी तो फिर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 20 मरीज इस महीने में मिल चुके हैं। 10 दिन के अंदर ही आठ मरीज सामने आए। हालांकि, मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग तो हरकत में आया, लेकिन वह प्रभावित इलाकों तक ही सीमित रह गया। अन्य इलाकों में साफ-सफाई या जागरूकता के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। नतीजा, डेंगू के मरीज दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं।
बुधवार को मंझनपुर निवासी समरीन बानो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कई दिन से बुखार आने पर एक निजी सेंटर में उन्होंने जांच कराई थी। वहीं 26 सितंबर को मोहम्मदपुर पइंसा निवासी विनोद कुमार की चिकनगुनिया की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के गांव पहुंची तो पता चला कि वह 20 साल से प्रयागराज में ही रह रहा है। इसी आधार पर अफसरों ने इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है।
एक मरीज की डेंगू की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संबंधित इलाके में रोकथाम के अन्य उपाय किए जा रहे हैं। चिकनगुनिया का पॉजिटिव आया रोगी 20 साल से प्रयागराज में निवास कर रहा है। इसकी सूचना प्रयागराज मुख्यालय भेज दी गई है।
- अनुपमा मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी