कस्बे में लगातार हो रही व्यापारियों के उत्पीड़न की घटनाओं को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता से बात कर बेवजह व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं करने की हिदायत दी है। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद नगर के व्यापारियों ने राहत की संास ली है।
सिराथू में आए दिन होने वाले उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने शनिवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल लखनऊ गया था। प्रतिनिधि मंडल ने सिराथू निवासी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या से मिलकर मदद की गुहार लगाई। बताया कि भाजपा राज में नगर के व्यापारियोें का सर्वाधिक उत्पीड़न हो रहा है। आए दिन व्यपारियों के साथ मारपीट करने के साथ ही फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे पवन केशरवानी ने बताया कि नगर के सात व्यापारी पुत्रोें के खिलाफ फर्जी केस दर्ज किए जाने की घटना पर डिप्टी सीएम ने कौशाम्बी के एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता से बात की। केशव ने एसपी से किसी भी कीमत पर व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं करने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद व्यापारी राहत महसूस कर रहे हैं।