महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंधावां गांव में रविवार सुबह सड़क किनारे एक युवक की लाश पड़ी मिली। मृतक के चाचा ने जमीनी विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
अंधावां निवासी राहुल सिंह (22) पुत्र स्व. त्रिभुवन मजदूरी करता था। उसके चाचा राकेश ने बताया कि पड़ोसी मो. नूरे ने गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पाल रखी है। तालाब के बगल में मछलियों की रखवाली के लिए उसने झोपड़ी बनवाई है। शनिवार शाम झोपड़ी में मुर्गा बना था। नूरे राहुल को भी खाने के लिए बुलाकर ले गया। वहां गांव के ही बिसाउन पंडित व सुभाष पांडेय ने इलाके के रायपुर निवासी रामनारायण उर्फ बच्चा के इशारे पर राहुल की हत्या कर दी। पीड़ित के मुताबिक रामनारायण ने राहुल तथा उसके दिवंगत पिता से जमीन खरीदी थी। इसका रुपया नहीं दे रहा था।
रुपयों के लिए राहुल ने दबाव बनाया तो उसे मौत के घात उतरवा दिया। सुबह झोपड़ी के समीप सड़क किनारे लाश मिलते की खबर पाकर सीओ सिटी एसएन पाठक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के हाथ, बांए पैर, तथा चेहरे पर चोट के निशान थे। नाक से खून निकल रहा था। कपड़ों की हालत देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उसे झोपड़ी से सड़क किनारे तक घसीटकर लाया गया हो। हालांकि, ऐसी कोई चोट नहीं दिखी, जिससे कोई व्यक्ति मौत का शिकार हो जाए। मौत की साफ वजह जानने के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उधर, परिवार वाले भी यह नहीं बता पा रहे कि हत्या कैसे की गई। मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कहीं नशे में झगड़े के बाद तो हत्या नहीं
मंझनपुर। पुलिस इस घटना की कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। एसओ का कहना है कि राहुल शराब के नशे का आदी था। लत पूरी करने के लिए उसने अपनी 20 से अधिक बीघा जमीन बेच डाली थी। अब भी उसके रवैये में कोई सुधार नहीं था। हो सकता है कि मुर्गा-दारू के दौरान नशा अधिक होने पर आपस में झगड़ा हुआ हो। मारपीट में राहुल को कहीं ऐसी जगह चोट लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मुार्गा-दारू पार्टी में शामिल सभी लोगों की तलाश कर रही है।
मृतक के चाचा की तहरीर पर केस दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना की गुत्थी काफी उलझी हुई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह से साफ हो जाएगी। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
सच्चिदानंद पाठक, सीओ, सिटी