बोलेरो ने बाइक में मारी टक्कर, ग्रामीण की मौत
कोखराज के बलिहावा मोड़ के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मूरतगंज। कोखराज के बलिहावा मोड़ के पास बुधवार की रात एक बेकाबू बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रिटायर नलकूप ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
कोखराज कोतवाली के जलीलपुर निवासी कमलेश नारायण त्रिपाठी नलकूप आपरेटर थे। छह महीने पहले ही वह रिटायर हुए थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उनके पिता की बरसी है। इसके लिए वह बुधवार को मूरतगंज बाजार खरीदारी करने आए थे। रात को घर वापस लौटते समय रास्ते मे बलिहावा मोड़ के पास बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कमलेश सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही चालक समेत बोलेरो को पकड़ लिया। पुलिस घायल को पीएचसी मूरतगंज ले गई। अस्पताल में देखते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।