कोखराज कोतवाली के सैंता पॉवर हाउस के समीप बुधवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबिक, बाइक पर पीछे बैठा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुर जनपद के खखरेरू निवासी बाबूलाल का 18 वर्षीय बेटा मुकेश बुधवार को पड़ोसी श्रीचंद्र (15) पुत्र पृथ्वीपाल को साथ लेकर रिश्तेदारी कौशाम्बी आया था। बताया जा रहा है कि दोपहर में कोखराज कोतवाली के सैंता गांव के समीप मुकेश की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई।
जोरदार टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख स्थानीय लोग दौड़ पड़े। सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां देखते ही डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे के मौत की मनहूस खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बदहवास हालत में परिजन भी रोते-बिलखते हुए अस्पताल आ गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।