डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर
- मंगलवार रात नियामतपुर के समीप हुआ हादसा
फोटो- 9
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। कोखराज कोतवाली के नियामतपुर गांव के समीप डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना में बाइक में उसके साथ रहे युवक को गंभीर चोट आई है।
कोतवाली के सपहा निवासी सिपाही लाल (29) मंगलवार शाम अपने साथी महगांव निवासी टोनू के साथ बाइक से मंझनपुर आया था। देर शाम दोनों वापस घर लौट रहे थे। नियामतपुर कुटी के पास जैसे ही वे लोग पहुंचे, तभी भरवारी की तरफ से महेवाघाट की ओर जा रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सिपाही लाल की मौत हो गई। टोनू की हालत नाजुक बनी हुई है। इंस्पेक्टर इंद्रदेव का कहना है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।