सरायअकिल कोतवाली के जरैनी गांव के समीप शनिवार रात बालू लदे डंपर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम है।
अमवा गांव निवासी छेदीलाल सेन नेवादा में सैलून चलाता है। शनिवार रात उसका बेटा गोलू सेन (18) अपने दोस्त अभिनव मिश्रा उर्फ बाबुल के साथ बाइक से तिल्हापुरमोड़ गया था। घर लौटते समय जरैनी गांव के पास रात करीब नौ बजे सामने से आ रहे बालू लदे डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजवाया। जवान बेटे के मौत की खबर सुन बदहवास परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।