पत्नी से नाराज सफाई कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान
- पश्चिमशरीरा कोतवाली के चांदेराई में सोमवार रात हुई घटना
फोटो- 1
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। कोतवाली के चांदेराई गांव में पत्नी ने नाराज सफाई कर्मचारी ने घर के अंदर फंदे से लटक कर जान दे दी। रात को बड़ा भाई खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
भइयालाल के बड़े भाई प्रेमचंद्र ने बताया कि चांदेराई निवासी भइयालाल सफाई कर्मचारी था। उसकी तैनाती सदर विकास खंड के लहना गांव में थी। करीब एक सप्ताह पहले वह अपनी पत्नी शालू व तीन बच्चों के साथ ससुराल कौशाम्बी कोतवाली के गढ़वा गांव गया था। सोमवार को किसी बात को लेकर ससुराल में ही भइयालाल का पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद भइयालाल घर लौट आया। सोमवार रात वह उसे खाने के लिए बुलाने गया। भइयालाल के घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजे के झरोखे से अंदर झांककर देखा तो भइयालाल फंदे से लटक रहा था। मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा गया। प्रेमचंद्र के मुताबिक भइयालाल की सांस चल रही थी। वह लोग इलाज के लिए उसे स्थानीय निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बारे में परिवार के लोगों की तरफ से किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है।