जीवन दायिनी एंबुलेंस सेवा एक कर्मचारी ने बृहस्पतिवार को ऑडियो वायरल कर जिला अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान देने की धमकी दी। वायरल ऑडियो के मुताबिक कर्मचारी शुक्रवार सुबह दस बजे जिला अस्पताल से छलांग लगाएगा। कर्मचारी ने अपनी मौत का जिम्मेदार कंपनी के चार लोगों को ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ऑडियो को लेकर पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया में एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी संजय पांडेय का एक ऑडियो वायरल हुआ। जिसमें संजय कहता है कि अगर उसका रोजगार छिना तो वह शुक्रवार को जिला अस्पताल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे देगा। उसकी मौत के जिम्मेदार एंबुलेंस एजेंसी के धीरज यादव, दिनेश कुमार, महेश कुमार, सुमित पाल होंगे।
उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस को जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस की छानबीन में पता चला कि कर्मचारी फिलहाल जिले में नहीं है। इसकी जांच कराई जा रही है। इस बाबत एएसपी समर बहादुर का कहना है कि ऑडियो की जानकारी मिली है। पता कराया जा रहा है। फिलहाल लिखित में इस तरह से किसी कर्मचारी ने अपनी समस्या नहीं रखी।