चायल। चरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से बीमार 15 वर्षीय किशोर के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाकर उसके भाई ने पड़ोसी युवक के खिलाफ शिकायत की है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले किशोर के भाई के मुताबिक उसका 15 वर्षीय छोटा भाई मानसिक रूप से बीमार है। वह चरवा क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर गया हुआ था। आरोप है कि शुक्रवार शाम किशोर घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान पड़ोस का एक युवक वहां पहुंचा और बहलाकर उसे बाग की ओर ले गया। भाई का आरोप है कि वहां युवक ने किशोर के साथ दुष्कर्म किया और शोर मचाने या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोर ने घर लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। किशोर के भाई ने पुलिस से मामले की शिकायत की। मामले में सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि जांच के दौरान किशोर के माता-पिता ने दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात कही है। कुकर्म के आरोप को गलत बताया है। आरोपी के खिलाफ अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।