सिराथू। कड़ा धाम थाना क्षेत्र के कुबरी घाट निवासी एक युवक से वीजा और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने सवा पांच लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने के बाद जब रकम वापस मांगा गया तो आरोपी जानलेवा धमकी देने लगे। सीओ सिराथू के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुबरी घाट निवासी दिलीप कुमार सोनकर ने बताया कि वर्ष 2015 में सैनी इलाके के औरेनी निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ रंगोली यादव व उसके भाई जितेंद्र सिंह ने वीजा बनवाने के नाम पर 33 हजार रुपये लिए थे। बाद में वर्ष 2023 से मई 2024 के बीच आरोपियों ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अपने दोस्त आनंद कुमार के खाते में 4.88 लाख रुपया ट्रांसफर कराया।
पहले तो वह आज-कल करके टालमटोल करते रहे। अब रुपया मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। परेशान पीड़ित ने पिछले दिनों मामले की शिकायत सीओ सिराथू से की थी। सीओ अवधेश विश्वकर्मा के आदेश पर ठगी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।