क्षेत्र के लहना गांव की एक युवती ने गुरुवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दिया। हफ्ते भर बाद उसकी शादी होनी थी। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। आत्मघाती कदम उठाने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
लहना गांव की आरती देवी (19) पुत्री भोलेप्रसाद घरेलू काम निपटाने में मां का हाथ बंटाती थी। गुरुवार सुबह परिजन खेतों की ओर चले गए। इस दौरान आरती अपने कमरे में रस्सी के सहारे चुल्ले से फांसी के फंटे पर लटक गई। कुछ देर बाद परिजन घर लौटे तो आरती को फंटे पर लटकता देख उनकी चीख निकल पड़ी। शोर-शराबा सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 29 मई को आरती की शादी होनी थी। इससे पहले शुक्रवार को तिलकोत्सव का कार्यक्रम था। चर्चा है कि आरती शादी से खुश नहीं थी। इसीलिए उसने मौत को गले लगा लिया। हालांकि परिजन मौत की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर पीटा, किया पुलिस के हवाले
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के असरावल गांव निवासी सत्यपाल व बच्चन ने डंपर खरीद रखा है। बुधवार रात दोनों का डंपर घर के बाहर खड़ा था। तभी दो बाइक से चार युवक आए और डंपरों की बैट्री खोल ली। इसी बीच सत्पाल की नींद खुल गई। उसने शोर मचाया तो चोर बैट्री लेकर भागने लगे। इस पर गांव वालों ने आगे लगे बैरियर पर रहे लोगों को फोन कर दिया। बैरियर पर लोगों की घेराबंदी देख तीन युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। जबकि एक को पकड़ लिया गया। जमकर पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस पकड़े गए अमन कुमार पुत्र रामबाबू निवासी करैलबाग थाना करेली प्रयागराज से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि लिखापढ़ी करके आरोपी को जेल भेजा जाएगा।