चरवा कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर रोडवेज बस और ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार दर्जन भर लोग घायल हो गए। आसपास रहे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चायल पीएचसी व मूरतगंज पीएचसी समेत अलग-अलग अस्पतालों भर्ती कराया है। वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को कानपुर से सवारियों को लेकर रोडवेज बस प्रयागराज के लिए निकली। बस में करीब पचास सवारियां बैठीं थीं। सुबह करीब दस बजे बस चरवा थाना क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव में स्थित कोरियर कंपनी के सामने पहुंची थी कि एक वाहन को बचाने में बस अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक में भिड़ंत हो गई।
हादसे में फतेहपुर जनपद के गाजीपुर निवासी गोपाल सिंह, उनका आठ वर्षीय बेटा केशव, माधुरी, गीता देवी, राज सिंह, रेखा सिंह, रामसिंह, विश्वनाथ निवासी अरई करछना, राम स्वरूप सिंह पुत्र फैयास सिंह निवासी किदवई नगर, अल्लापुर प्रयागराज, सतीश तिवारी निवासी दुर्गा मंदिर सराय इनायत समेत दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों को चायल पीएचसी, मूरतगंज पीएचसी समेत आसपास के निजी अस्पतालों एवं गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।