बेकाबू बाइक सवार ने मासूम को रौंदा, मौत
सरायअकिल कस्बे के भगौतीगंज मोहल्ले में शनिवार दोपहर हुई घटना
सरायअकिल। स्थानीय कस्बे के भगौतीगंज मोहल्ले में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पर खेल रहे एक मासूम को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
भगौतीगंज निवासी दीनानाथ की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से पत्नी बच्चों की परवरिश करती है। शनिवार सुबह दीनानाथ का नौ वर्षीय बेटा शुभम घर के समीप ही खेल रहा था। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में शुभम की मौके पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना देख दौड़कर मौके पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए बच्चे को लेकर स्थानीय अस्पताल गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कस्बाइयों ने बाइक सवार कौशर निवासी फकीराबाद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।