नाम वापसी के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। शुक्रवार को तीन ब्लॉक के एक-एक निर्दल उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इसी के साथ ही अब सात पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे 18 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के चुनाव को लेकर जिल के आठ ब्लॉकों में बृहस्पतिवार को सपा-भाजपा समेत 22 प्रत्याशियों ने नामाकंन किया था। चायल में एकमात्र नामांकन होने से दिलीप प्रजापति के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है।
लिहाजा शनिवार को केवल सात ब्लॉकों में ही मतदान कराया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को नाम वापसी हुई। इस दौरान सरसवां ब्लॉक से विनोद साहू, नैवादा से भैयालाल और कौशाम्बी से सोनिया देवी ने पर्चे वापस ले लिए। तीनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। इसी के साथ ही अब चुनावी समर में सरसवां, कौशाम्बी, सिराथू और कड़ा में तीन-तीन, नेवादा, मंझनपुर, तथा मूरतगंज में दो-दो उम्मीदवार मैदान में बचे।
इस तरह से अब सात प्रमुख पदों के लिए 18 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। शनिवार की सुबह 11 बजे से ब्लॉक मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हीरालाल पाल ने बताया कि मतदान में 655 बीडीसी सदस्य हिस्सा ले सकेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया गया है।