15बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को जिले के 15 केंद्रों पर होगी। इसमें 5049 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से कराया जा रहा है।
प्रवेश परीक्षा के लिए भवनंस मेहता भरवारी के प्राचार्य प्रबोध कुमार श्रीवास्तव को जनपद समन्वयक (नोडल) नामित किया गया है। उनकी ओर से भेजी गई 15 केंद्रों की सूची पर विश्वविद्यालय ने अपनी मुहर लगा दी है। इन केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा के लिए 10,950 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। नोडल समन्वयक ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
साथ ही प्रत्येक दो केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। तहसील स्तर पर जोनल मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों की सूची विश्वविद्यालय को भेज दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात होंगे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से प्रवेश पत्र 26 जून तक जारी होने की संभावना है।
इस बार भी होगी निगेटिव मार्किंग
बीएड प्रवेश परीक्षा में इस बार भी निगेटिव मार्किंग होगी। 400 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों में 200 प्रश्न पूछे जाएंगे, हर प्रश्न दो अंक का होगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने यह जानकारी अपनी वेबसाइट पर साझा की है।
इसके मुताबिक पहले प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान भाषा से संबंधित 50-50 प्रश्न होंगे। दूसरे प्रश्नपत्र में सामान्य अभिरुचि परीक्षण और विषय योग्यता के 50-50 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक प्रश्न गलत होने पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे। दोनों प्रश्नपत्रों की परीक्षा का समय प्रवेश पत्र पर अंकित रहेगा।