बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ की गई पुलिसिया सख्ती का असर दोआबा में अब दिखने लगा है। सोमवार को इस तरह की मनमानी करते हुए सिर्फ 25 लोग पकड़े गए। लिखापढ़ी के बाद सभी को छोड़ दिया गया है। इससे पहले रविवार को बड़ी संख्या में 90 बेपरवाह पकड़े गए थे।
राज्य सरकार ने घर से बाहर निकलने के लिए अब मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। मुख्यमंत्री की ओर से दिशा-निर्देश जारी होने के बाद दोआबा की पुलिस चौकन्ना हो गई। रविवार को पहले ही दिन एसपी अभिनंदन के निर्देश पर जिले भर में अभियान चलाया गया। इस दौरान बगैर मास्क के 90 लोग पकड़े गए। बड़ी संख्या में की गई कार्रवाई का नतीजा रहा कि सोमवार को दूसरे दिन कम ही लोगों ने बेपरवाही की। इस रोज केवल 25 लोग ही बिना मास्क के घर के बाहर घूमते मिले। गिरफ्तार कर इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बाद में मुचलके पर छोड़ भी दिया गया है। एसपी ने बताया कि बेपरवाहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आगे और कड़ाई की जाएगी।