सालों से एक ही ब्लॉक में जमे होने के कारण विकास कार्य की जगह गंवई सियासत में दिलचस्पी लेने वाले 20 पंचायत सचिवों का सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी ने मंगलवार की देर शाम ब्लॉक क्षेत्र बदल दिया। तबादले की जद में आए पंचायत सचिवों को दो दिन के भीतर नवीन तैनाती स्थल पर जॉइन करने का निर्देश दिया गया है। बुधवार को सुबह स्थानांतरण की चिट्ठी मिलते ही प्रभावित सचिवों में हड़कंप मच गया। सभी अपने-अपने सियासी आकाओं की परिक्रमा में लग गए। इसे लेकर विकास भवन में दिनभर खलबली मची रही।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए ग्राम विकास/ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) की तैनाती की जाती है। नियमानुसार जनपद की 451 ग्राम पंचायतों में इतने ही सचिव होने चाहिए। लेकिन इसके विपरीत जिले में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग के 61-61 समेत कुल 122 सचिव ही हैं। ऐसे में यहां एक सचिव के जिम्मे तीन से चार गांव होने चाहिए। पर, ऐसा नहीं है। यहां कुछ सचिव सिर्फ दो तो कुछ सचिव नौ-नौ गांवों की कमान संभाल रहे थे। उसकी बड़ी वजह ये रही कि सियासी जुगाड़ के दम पर दर्जनों सचिव सालों से एक ही ब्लॉक में जमे थे।
इस वजह से विकास कार्य हद तक प्रभावित हो रहा है। एक ही क्षेत्र में लंबे समय से जमे होने के कारण सेक्रेटरी गंवई सियासत में ज्यादा दिलस्पी लेने लगे थे। अमर उजाला ने अपने आठ अगस्त के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का असर रहा कि मंगलवार की शाम सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी ने ग्राम विकास के दस व पंचायती राज के दस समेत कुल 20 सचिवों का एक साथ तबादला कर दिया।
ग्राम विकास/पंचायत अधिकारी कहां से कहां
अजीत प्रताप सिंह नेवादा सरसवां
नवीन कुमार सिंह नेवादा सरसवां
विनय कुमार सिंह नेवादा सरसवां
राजीव कुमार पाल मूरतगंज सरसवां
त्रिलोकीनाथ पटेल मूरतगंज मंझनपुर
रवीदत्त मिश्र मंझनपुर नेवादा
मो. नसर मंझनपुर कड़ा
नरेंद्र नाथ सिंह नेवादा मंझनपुर
रमापति यादव सिराथू नेवादा
दिनेश सिंह कौशाम्बी सरसवां
रवि सिंह नेवादा सरसवां
राधेश्याम चायल सरसवां
धर्मेंद्र चायल सरसवां
दिनेश कुमार पाल मंझनपुर नेवादा
पंकज मौर्या मंझनपुर नेवादा
विश्वबंधु मंझनपुर नेवादा
बुद्घ प्रकाश गौतम मंझनपुर मूरतगंज
आदित्य सिंह सरसवां नेवादा
प्रदीप कुमार कौशाम्बी सरसवां
नीलू कैथवास मूरतगंज नेवादा
सरसवां में अब सात की जगह 14 सचिव
विकास खंड सरसवां में 58 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष केवल सात सचिवों की तैनाती थी। नतीजतन यहां के सचिव पांच से लेकर नौ-नौ ग्राम पंचायतों की कमान संभाल रहे थे। इसका प्रतिकूल असर विकास कार्यों पर पड़ रहा था। मंगलवार को हुए 20 सचिवों के तबादले में सर्वाधिक आठ सरसवां ब्लॉक भेजे गए हैं। हालांकि, यहां से भी एक सचिव का स्थानंतरण नेवादा ब्लॉक किया गया है। इस तरह से यहां अब 14 सचिव काम करेंगे।