सगाई के बाद सिपाही की नौकरी मिलने पर युवक ने दहेज में इनोवा और दस लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। असमर्थता जाहिर करने पर युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। बुधवार को पीड़ित युवती के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली इलाके की एक युवती की शादी कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र में दो साल पहले तय हुई थी। दोनों परिवार के बीच रिश्ता तय होने पर सगाई व गोदभराई की रस्म अदायगी हुई। साल भर बाद वर्ष 2021 में तिलक व बारात करने की तारीख तय हुई। इसके बाद युवती के घर वाले शादी की तैयारी में जुट गए। इसी बीच युवक पीएसी में मृतक आश्रित कोटे से सिपाही बन गया। सिपाही बनने पर घर वाले शादी की तारीख टालते रहे।
कुछ दिन पहले युवती का चाचा घर पहुंच शादी की तारीख पक्की करने को कहा तो युवक की मां व बहन ने दहेज में इनोवा कार के साथ दस लाख रुपये की और डिमांड की। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बन सकी। आरोप है कि पंचायत में भी युवक के घर वालों ने शादी करने से इन्कार कर दिया। मामले में बुधवार को पीड़ित युवती के चाचा की तहरीर पर पश्चिमशरीरा पुलिस ने आरोपी युवक व उसकी मां और बहन समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की छानबीन शुरू कर दी है।