उत्तर प्रदेश के कासगंज में शुक्रवार की रात प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दोनों के परिजन को घटना की सूचना दी। हादसा मथुरा-बरेली मार्ग पर बांकनेर गांव के पास हुआ।
विज्ञापन
मूल रूप से एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र के नगला बनुआ गांव निवासी सुरजीत (23) अपने साथी उमेश निवासी कासगंज को उसके घर छोड़ने के लिए बाइक से आ रहा था। बांकनेर गांव के पास बाइक में पीछे से बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद सुरजीत को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उमेश की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। सूचना पर मृतक और घायल के परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।