गंजडुंडवारा। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से लोग इन दिनों बेहद परेशान हैं। गर्मी की तीव्रता के बीच इस बिजली संकट ने ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
क्षेत्र के नवादा, महमूदपुर, बहरोजपुर, धरमपुर, बरौना, मियूनी, बकवास, सुल्तानपुर, समसपुर, नगला डामर, नवाबगंज और नगरिया सहित कई गांवों में पिछले एक माह से विद्युत व्यवस्था खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इन समस्याओं ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है।
तापमान में वृद्धि के बावजूद बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण राहत नहीं मिल रही है। लोग घरों में पंखे और कूलर नहीं चला पा रहे हैं। इससे गर्मी का सामना करना और भी कठिन हो गया है। लो वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरणों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग और अधिकारियों से शिकायत भी की है।
हालांकि, उनकी शिकायतों के बावजूद समस्या का कोई समाधान अभी तक नहीं निकला है। इस अनदेखी के कारण ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। वे गर्मी से राहत पाने के लिए हाथ के पंखों और पेड़ों के नीचे समय बिताने को मजबूर हैं। बिजली संकट ने उनके सामान्य जीवन को बाधित कर दिया है।
ग्रामीणों की बातचीत :
बार-बार बिजली की कटौती से परेशानी हो रही है। बिजली के आने-जाने का समय निश्चित होना चाहिए, ताकि हम उसका उचित उपयोग कर सकें। गर्मी के दिनों में निगम को निर्बाध आपूर्ति देनी चाहिए। - असलम
गर्मी की शुरुआत होते ही लो वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई है। अब हमारे घरों में लगे बिजली के उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। कभी-कभी तो मोबाइल चार्ज भी नहीं हो पा रहा। लो वोल्टेज की समस्या का समाधान होना चाहिए। - भोला सिंह चौहान,
-
वर्जन :
अवर अभियंता सुशील कुमार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने लो वोल्टेज की कोई भी शिकायत नहीं की है। अगर कोई शिकायत है तो लाइनमैन को भेजकर जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों की समस्या का समाधान होगा।