फोटो07जिला अस्पताल में भर्ती जहरखुरानी से पीड़ित किशोर इरशाद । संवाद
कासगंज। जयपुर से मंगलवार की देर रात बस से लौट रहे चाचा-भतीजे जहरखुरानी का शिकार हो गए। पीड़ित परिजन का आरोप है कि शातिर जहरखुरान उनके पास से 70 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटकर भाग गए।
ढोलना कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बिलराम के मोहल्ला पीरजादा निवासी अनवार (24) और उनका भतीजा इरशाद (13) बस से घर लौट रहे थे। अनवार के भाई दिलशाद ने बताया कि रास्ते में अज्ञात लोगों ने दोस्ती करके दोनों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने के बाद बदमाश उनका सारा सामान लूट ले गए।
इसके बाद बस चालक व परिचालक ने दोनों को सोरोंजी के भगवान तिराहे पर उतार दिया। तलाशी के दौरान मिले पहचान पत्र से उनकी शिनाख्त हुई, जिसके बाद परिजन को सूचना दी। अचेत अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।